0

किसानों की समस्याओं पर योगी सरकार को घेरने कांग्रेस का मेगा प्लान तैयार

Share

कांग्रेसी कार्यकर्ता किसान मांग पत्र लेकर डेढ़ करोड़ किसानों से करेंगे जनसंपर्क

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने पूरे सूबे में किसानों के मुद्दे पर आंदोलन की तैयारी कर ली है। योगी सरकार को घेरने के मंसूबे के साथ पूरे सूबे में भाजपा सरकार की नीतिओं से नाराज़ किसानों के बीच में कांग्रेस कार्यकर्ता जाकर उनको एकजुट करेंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू लगातार किसानों से सवालों पर मुखर रहे हैं और योगी आदित्यनाथ की सरकार को घेरते नज़र आएं हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का आवारा पशुओं से परेशान किसानों की समस्या को लेकर किया गया ट्वीट सोशल मीडिया में काफी वायरल भी हुआ था।
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू लगातार किसानों के सवालों पर पूरे प्रदेश में बैठकों का हिस्सा रहे हैं। खासकर पश्चिम उत्तर प्रदेश में गन्ने के सवाल पर कई प्रदर्शनों में भी नेतृत्व करते दिखाई दिए हैं। अब कांग्रेस ने आंदोलन की ज़मीन तैयार कर सरकार को घेरने की पूरी रणनीति बना ली है।

क्या है किसान जनजागरण अभियान?

ज्ञात होकि पूरे उत्तरप्रदेश में किसान आवारा पशुओं से परेशान हैं। गन्ना किसानों के भुगतान की समस्याओं और घटतौली की खबरे लगातार मीडिया में आती रहती हैं। किसान आंदोलनों के जानकार बताते हैं, कि पूर्वांचल में धान खरीदी भी बिचौलियों के भरोसे सरकार ने किया है। वहीं बुंदेलखंड में लगातार किसानों  को बैंकों से नोटिसें मिल रही हैं। जबकि किसान बेमौसम बारिश की मार से जूझ रहा है, उसकी दलहन की फसल पूरी चौपट हो गयी है।
इन सारे सवालों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार को ब्लाक, तहसील स्तर से लेकर लखनऊ तक घेरने की तैयारी और रणनीति का प्रशिक्षण लेकर अपने अपने जिलों में तैयारी में जुट गए हैं। हमारी जानकारी के अनुसार किसान आंदोलन को पांच चरणों में बांटा गया है। जिसमें ब्लॉक से लेकर लखनऊ तक सरकार को घेरने की रणनीति बनी है। इस अभियान के तहत किसानों के नेतृत्व में कांग्रेस नेता जिला स्तर पर प्रशासन के साथ भाजपा के जनप्रतिनिधियों को भी घेरेंगे।

कांग्रेसी कार्यकर्ता किसान मांग पत्र लेकर डेढ़ करोड़ किसानों से करेंगे जनसंपर्क

कांग्रेस के सूत्र बताते हैं, कि इस अभियान के लिए किसान मांग पत्र भी छप रहा है, जिसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के बीच में जाएंगे। कांग्रेस के एक नेता नाम न छापने के शर्त पर बताते हैं कि हर ब्लाक में करीब 50 कार्यकर्ताओं को चिन्हित किया गया है, जिनको किसान मांग पत्र देकर किसानों के बीच में उतारा जाएगा। साथ ही साथ जमीन पर किसान आंदोलन का माहौल बनाने के लिए पूरे प्रदेश में हर ब्लाक में दो बड़ी नुक्कड़ सभा होगी जिसमें कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में करीब 15 हज़ार नुक्कड़ सभाओं की रूपरेखा भी तैयार कर ली है।